लखनऊ के हजरतगंज इलाके में पीएम-सीएम का विवादित पोस्टर लगाने वाले उप्र नवनिर्माण सेना के संस्थापक अमित जानी ने मशहूर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को पाकिस्तान का टिकट भेजा है। अमित जानी हाल ही सीएम योगी और मोदी का विवादित पोस्टर लगाने के बाद चर्चा में आए थे। इस मामले में उनके खिलाफ 12 दिसंबर को पार्क रोड पुलिस चौकी के दरोगा फिरोज ने हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी।
बताते चलें कि बुलंदशहर में हुई हिंसा के बाद अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि मुझे डर लगता है कि कल को मेरे बच्चे बाहर निकलेंगे तो भीड़ उन्हें घेरकर पूछ सकती हो कि तुम कौन हो? हिंदू या मुसलमान? ऐसे में वह क्या जवाब देंगे। इस स्थिति में सुधार की जरूरत है और जिन्न को बोतल में बंद करना होगा।
अभिनेता के इस बयान के बाद से भारी विरोध शुरू हो गया था। वहीं अभिनेता ने अपने बयान पर बचाव करते हुए कहा कि देश में बड़ रही घटनाओं को लेकर उन्होंने जो चिंता जाहिर की है, वह वाजिब है। वह इस देश से प्यार करते हैं और इसके लिए चिंतित होना उनका हक है।