सैनिटाइजर की खरीद न होने से नहीं खुले अंबेडकर पार्क के ताले
सैनिटाइजर की खरीद न होने से स्मारक समिति के अधीन पार्कों में सोमवार को भी ताले लटके रहे। अनलॉक-4 की गाइडलाइन के तहत इन पार्कों को सोमवार से खोला जाना था।
लेकिन जिम्मेदारों की हीलाहवाली से पर्यटकों को मायूसी हाथ लगी। स्मारक समिति के अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों के हाथों को विसंक्रमित करने के लिए सैनिटाइजर की खरीद होनी है।
इसके लिए सदस्य सचिव व मुख्य प्रबंधक के पास प्रस्ताव भेज दिया गया है। खरीद की अनुमति मिलते ही सैनिटाइजर की उपलब्धता करा दी जाएगी।
वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर भी पार्कों के प्रबंधकों को तैयारी करने के लिए कहा गया है। सदस्य सचिव शिवाकांत द्विवेदी ने तैयारियां पूरी होने के बाद स्मारक खोलने के निर्देश दिए हैं।