फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar nagar: शराब की दुकान में सेल्समैन को गोली मारकर लूट, बाइक छोड़ भागे बदमाश...जांच में ये बात सामने आई

Wed, 21 Jan 2026 05:00 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, अंबेडकरनगर

सार

अंबेडकरनगर जिले के भीटी थाना क्षेत्र में शराब की दुकान में घुसकर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी और नकदी लूट ले गए।
विज्ञापन
घायल सेल्समैन विमल जायसवाल। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भीटी क्षेत्र के जमोलीगंज बाजार में बुधवार दोपहर दो नकाबपोश बदमाशों ने एक देसी शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन को गोली मार दी और गल्ले में रखी नकदी लूटकर भाग निकले। जमोलीगंज बाजार स्थित ज्योति जायसवाल की देसी शराब की दुकान पर दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। दुकान का दरवाजा खुला होने के कारण बदमाश सीधे अंदर घुस गए और सेल्समैन विमल जायसवाल निवासी बैंतीकला पर तमंचा तान दिया। विमल द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जो उनके पेट के निचले हिस्से में लगी।

विज्ञापन


लूट के बाद भाग रहे बदमाशों की ग्रामीणों ने घेराबंदी की। करीब तीन सौ मीटर दूर बदमाशों की बाइक फिसल गई, जिसके बाद वे बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते पैदल ही भाग निकले। सूचना मिलते ही एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी हरेंद्र कुमार और सीओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बदमाशों की बाइक को कब्जे में ले लिया है।

उधर, घायल विमल को सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां एक्सरे में पेट के अंदर गोली फंसी होने की पुष्टि हुई। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका ऑपरेशन कर रही है। वारदात के बाद सुरक्षा के लिहाज से जमोलीगंज बाजार को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल लूटी गई सही रकम का पता लगाया जा रहा है।

विज्ञापन

सुल्तानपुर के राजेश के नाम पंजीकृत बाइक

घटनास्थल से मिली बाइक पर दर्ज पंजीकरण संख्या (रजिस्ट्रेशन नंबर) सुल्तानपुर जिले के लखनपुर निवासी राजेश श्रीवास्तव के नाम पर है। पुलिस बाइक के चेसिस नंबर और पंजीकरण संख्या का आपस में मिलान कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नंबर प्लेट असली है या नहीं। अब तक वाहन स्वामी राजेश श्रीवास्तव से संपर्क नहीं हो पाया है। पुलिस की एक टीम को सुल्तानपुर रवाना कर दिया गया है।
 

सेल्समैन के मोबाइल की हो रही जांच

पुलिस के अनुसार ग्रामीणों से पूछताछ में यह अहम सुराग मिला है कि सेल्समैन पर गोली चलाने वाले दोनों बदमाश मंगलवार को भी दुकान पर आए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस सेल्समैन के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है, ताकि पिछले कुछ दिनों में आए संदिग्ध नंबरों के जरिए घटना की तह तक पहुंचा जा सके। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी।
 
विज्ञापन

एसपी ने कही ये बात

एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि वारदात के बाद दुकान से नकदी लूटी गई है या नहीं, पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है। स्थिति दुकान मालिक की तहरीर मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने के प्रयास में जुटी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें