अंबेडकरनगर के सोनावां में शराब माफिया के राइस मिल की कुर्की करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश गिरोह अधिनियत सहित अन्य धाराओं के तहत कुल 4 अपराधियों के विरुद्घ बड़ी कार्रवाई की। अहिरौली पुलिस टीम ने जहां थाना क्षेत्र के सोनावां गांव निवासी शराब माफिया की राइसमिल समेत लगभग 5 करोड़ कीमत की संपत्ति को कुर्क किया, वहीं हंसवर पुलिस टीम ने माफिया खान मुबारक के तीन सहयोगियों की लगभग 58 लाख रुपए कीमत के सामान को कुर्क किया। पुलिस की अलग अलग थाना क्षेत्रों में चली कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप का माहौल है। एसपी के सख्त निर्देश पर जनपद पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्घ सख्त कार्रवाई कर रही है।
प्रदेश में दोबारा योगी आदित्यनाथ की सरकार आने के बाद एक बार फिर अपराधियों के विरुद्घ जिले में भी कार्रवाई तेज हो गई है। एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर शुक्रवार को अहिरौली व हंसवर पुलिस टीम ने अपने अपने क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्घ कुर्की का अभियान चलाया। अहिरौली एसओ प्रदीप प्रदीप सिंह के नेतृत्व में अहिरौली पुलिस टीम ने शराब माफिया थाना क्षेत्र के सोनावां गांव निवासी सुरेश सिंह के विरुद्घ पुलिस टीम ने कुर्की की कार्रवाई की। गांव के पास स्थित राइसमिल समेत पुलिस टीम ने करीब 5 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। साथ ही गाेंमें डुग्गी भी पिटवाई गई। अहिरौली थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शराब माफिया के विरुद्घ यूपी गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वह गिरोहबंध होकर शराब का अवैध कारोबार करता था। बताया कि अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार अपराधियों के विरुद्घ सख्त कार्रवाई कर रही है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
दूसरी तरफ हंसवर पुलिस टीम ने एसपी के निर्देश पर माफिया सरगना खान मुबारक के तीन सहयोगियों के विरुद्घ भी कुर्की की कार्रवाई की है। हंसवर थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को अलग अलग गांवों में पहुंचकर माफिया के तीनों सहयोगियों के घरों को कुर्क करने की कार्रवाई की। इसमें आरिबपुर निवासी यहिया का 10 लाख का मकान, बरही एदिलपुर निवासी वसीम मुख्तार का 18 लाख व नसीराबाद निवासी कमरुल का दो मकान करीब 30 लाख रुपए को कुर्क किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इन अभियुक्त के विरुद्घ उत्तर प्रदेश गिरोह अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि अहिरौली व हंसवर पुलिस टीम ने कुल 4 अपराधियों की 5 करोड़ 58 लाख की संपत्ति को कुर्क किया है। कहा कि आगे भी अपराधियों के विरुद्घ ऐसी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।