लखनऊ। जिले में नए कनेक्शन पाने के लिए भटक रहे लोगों के घर आखिरकार रोशन होने लगे हैं। मंगलवार शाम तक 400 घरों और दुकानों में नए कनेक्शन जोड़े गए। इससे पहले सोमवार शाम तक 550 कनेक्शन दिए गए थे। इस तरह अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अब तक 950 घरों-दुकानों में उजाला हो चुका है।
इन आवेदकों का गृह प्रवेश सिर्फ इसलिए अटका था, क्योंकि बिजली निगम के जिम्मेदार समय से कनेक्शन नहीं दे रहे थे। मंगलवार को बारिश के कारण काम प्रभावित रहा, इसलिए केवल 400 कनेक्शन ही जोड़े जा सके। अब बुधवार को शेष आवेदकों को कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है।
यह कार्रवाई पाॅवर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल की सख्ती का नतीजा है। उन्होंने रविवार को ही अधिकारियों को संदेश भेजकर सोमवार से नए कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाने की मुहिम शुरू करने के आदेश दिए थे। अमर उजाला की यह मुहिम तब तक जारी रहेगी जब तक सभी 1,850 आवेदकों के घर रोशन नहीं हो जाते।
कनेक्शन न मिले तो हमें बताएं
यदि आपने भी नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है और केवल दौड़ाया जा रहा है, तो आवेदन से जुड़े विवरण हमें फोन नंबर 7617566164 पर व्हाट्सएप करें। अमर उजाला का प्रयास होगा कि आपको भी जल्द से जल्द कनेक्शन मिल सके।
खबर छपी तो अधिकारियों ने किया निरीक्षण
चिनहट के लोनापुर निवासी माली गणेश कुमार मौर्य 13 माह से नए कनेक्शन के लिए चक्कर काट रहे थे। अमर उजाला ने “13 माह से कनेक्शन के लिए भटक रहा माली” शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो विभाग की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची और रिपोर्ट मंगाई। अब दशहरा बाद यहां पोल लगाकर कनेक्शन दिया जाएगा। गणेश कुमार ने 16 अगस्त 2024 को 18,585 रुपये शुल्क जमा किया था।
संतोष कुमारी के घर लग गया मीटर
मलिहाबाद की संतोष कुमारी ने 5 जुलाई को नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। 31 जुलाई को 1,570 रुपये शुल्क भी जमा कर दिया था। इसके बावजूद जेई दो महीने से टालमटोल कर रहे थे। “दो माह से दौड़ा रहे जेई” शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार को विभाग ने उनके घर कनेक्शन जोड़ दिया।