एमएसएमई कॉन्क्लेव में मौजूद यूपी के मंत्री राकेश सचान व सीएम योगी के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के युवा खासकर महिलाएं यदि किसी क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं, तो उन्हें महज पांच फीसदी की दर एक करोड़ तक का लोन मिल सकता है। इस पहल में सरकार व बैंक मिलकर सहयोग करेंगी। गोमतीनगर के विभूतिखंड स्थित आईआईएम भवन में बृहस्पतिवार को आयोजित अमर उजाला व एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव में ''पहल युवाओं को उद्यमी बनने की'' चर्चा में वक्ताओं ने इस बात की जानकारी दी।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक राजेश कुमार ने पैनेलिस्ट परिचर्चा के दौरान कहा कि बैंक से लोन लेकर युवा आगे बढ़ रहे हैं। आप चाहे तो किसी भी स्तर पर लोन ले सकते हैं। महिलाओं के लिए विशेष लोन की सुविधा है और बहुत आसानी से मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला ने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार है। यूपी की 35 फीसदी आबादी युवा की है। सभी के पास डिजिटल फोन है और सोशल मीडिया से जुड़ा है। एआई से हम नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ही स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से स्किल को बढ़ावा मिल रहा है। सरकार पांच लाख का लोन भी दे रही है, इसके साथ ही 10 फीसदी सब्सिडी भी दे रही है। छह महीने में मूल धन वापस भी कर सकते हैं।
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि हमारे पास 17 से 18 करोड़ युवा हैं, लेकिन हर हाथ को सरकारी नौकरी मिलना संभव नहीं है। ऐसे में हमने यूथ अड्डा ऐप के माध्यम से युवाओं को स्टार्टअप के बारे में जानकारी देने की पहल शुरू की है। इसका असर दिखने लगा है।