प्रेसवार्ता में डॉ. सुनीता गांधी। स्रोत: सीएमएस
लखनऊ। कानपुर रोड स्थित सीएमएस परिसर में 26 से 29 नवंबर तक एड लीडरशिप-2025 के तहत शिक्षा पर महा सम्मेलन होने जा रहा है। यहां भारत सहित 20 से अधिक देशों के शिक्षक, नीति निर्माता व शिक्षा विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन में खासकर अल्फा पथ मॉडल पर चर्चा होगी कि कैसे इसकी मदद से पहली और दूसरी कक्षा का बच्चा अखबार पढ़ना सीखता है।
जीसीपीएल और ग्लोबल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की संस्थापक डॉ. सुनीता गांधी ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि अल्फा पद्धति से बच्चे तीन गुना तेजी से सीखते हैं। अंग्रेजी और मातृभाषा दोनों में पढ़ना समझते हैं, दूसरी कक्षा का गणित 45 दिनों में सीख लेते हैं और सालभर का पाठ्यक्रम बिना दबाव के पूरा कर लेते हैं। सितंबर 2025 में शुरू हुए इस पद्धति की मदद से बच्चों में तेजी के साथ बदलाव हो रहा है। इस मॉडल के जरिये बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद, कौशल व सहयोग की भावनाएं बेहतर होती है। साथ ही शिक्षा के प्रति बच्चे ज्यादा जिज्ञासु व रचनात्मक होते हैं। इसमें लाइव क्लासेस, वक्ताओं और छात्रों के बीच सीधे संवाद सहित अन्य प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा नई शिक्षा नीति, निपुण भारत मिशन व प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा होगी।