इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 19 से 30 नवंबर के बीच शादियों की बुकिंग एलडीए ने रद्द कर दिए हैं। इसके बदले जो एलडीए जो विकल्प दे रहा है वह लोगों को रास नहीं आ रहे। विकल्प वाले स्थान या तो पहले से ही बुक हैं, या फिर उनका किराया तीन गुना बढ़ चुका है। आवंटियों को सिर्फ फोन कॉल के जरिये ही बुकिंग रद्द करने की मौखिक सूचना दी जा रही है। मामले में सीएम योगी से हस्तक्षेप की भी मांग की गई है।
प्रभावित लोगों के मुताबिक, एलडीए का कहना है कि 24-25 को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए पांच दिन पहले से आईजीपी की सजावट शुरू होगी। कार्यक्रम के बाद पांच दिन तक सजावट हटाने का काम चलेगा। इसलिए प्रधानमंत्री के दो दिन के कार्यक्रम के लिए करीब 10 दिन की बुकिंग रद्द की जा रही है। प्रभावित लोगों का कहना है कि वह शादी के कार्ड बांट चुके हैं। सारी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। एलडीए के इस कदम के बाद से जो लॉन खाली थे, उन्होंने अपना किराया तीन गुना तक बढ़ा दिया है। उधर, टेंट कारोबारियों का कहना है कि अगर सिर्फ पीएम मोदी वाले कार्यक्रम के लिए 24 व 25 नवंबर की बुकिंग रद्द की जाए तो भी हम व्यापारियों व शादी वाले घरों के लिए राहत भरा कदम हो सकता है। अफसरों ने शासन को अंधेरे में रखा है। हम लोगों को लिखित के बजाय सिर्फ मौखिक सूचना दी गई है।
एलडीए के विकल्प काम के नहीं, सीएम करें हस्तक्षेप
नरही के रहने वाले महेंद्र जोशी बताते हैं कि 30 नवंबर को उनके बेटे की शादी है। सात महीने पहले मार्च में ही उन्होंने बुकिंग करा दी थी। अब एलडीए ने जनेश्वर मिश्र और गोमतीनगर के कम्यूनिटी सेंटर का विकल्प दिया है। ये दोनों स्थान पहले से ही बुक हैं। आईजीपी में ऐसी भी क्या सजावट कि जिसे लगाने में पांच और हटाने में पांच दिन खर्च हों। इन्वेस्ट यूपी के लिए कोई और स्थान तय किया जाना चाहिए। सीएम योगी को भी हस्तक्षेप करना चाहिए। जिस तरह से वह पूरे प्रदेश की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, शादी वाले 40-50 परिवारों के बारे में भी उन्हें सोचना चाहिए।
हमारी आत्मा दुखी, कैंसिल करनी पड़ेगी बेटे की शादी
विरामखंड के एमपी गौतम बताते हैं कि 27 नवंबर को बेटे की शादी तय है। इसके लिए 3.64 लाख रुपये में लॉन नंबर दो की बुकिंग कराई थी। अब तक 800 कार्ड बंट चुके हैं। दो दिन पहले 4 अक्तूबर को एलडीए से फोन आया कि आपकी बुकिंग कैंसिल कर दी गई है। उनकी तरफ से कोई विकल्प भी नहीं दिया गया। ये भी नहीं बताया कि जमा रुपये कब वापस होंगे। हमारी आत्मा बहुत दुखी है। बेटे की शादी से ऐन पहले एलडीए ने बहुत बड़ी मुश्किल खड़ी कर दी है। लगता है अब 27 तारीख को शादी ही कैंसिल करनी पड़ेगी।
तीन गुने किराये पर मिल रहा नया लॉन
इंदिरानगर के रहने वाले नीरज सिंह बताते हैं कि 25 नवंबर को भांजी की शादी है। चार महीना पहले 4 जुलाई को हमने 3.40 लाख की बुकिंग कराई थी। बुधवार की शाम एलडीए से फोन आया कि आपकी बुकिंग रद्द की जा रही है। अब हमारे सामने तमाम आर्थिक व मानसिक समस्याएं हैं। शादी निपटाने के लिए लॉन देख रहे हैं तो मुंहमांगे दाम मांगे जा रहे हैं। काफी कार्ड बंट चुके हैं। अब कहा जा रहा है कि आप लोग अपना इंतजाम देख लीजिए। कैटरर्स, आर्केस्ट्रा, डीजे आदि की बुकिंग का भी 5 लाख से ज्यादा एडवांस दिया जा चुका है।
अधिकतम दो दिन रद्द हो बुकिंग, अफसरों ने शासन को अंधेरे में रखा
टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार का कहना है कि इस पूरे मामले में एलडीए के स्थानीय अफसरों के साथ शासन में बैठे अफसरों की भी गलती है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री को अंधेरे में रखा है। सीएम योगी को अभी सही जानकारी दी जाए तो बीच का रास्ता निकल सकता है। इन्वेस्ट यूपी का कार्यक्रम कहीं और भी शिफ्ट किया जा सकता है। पहले भी दो बार ऐसा हो चुका है। सीएम को यह बात पता होती तो अफसर इस तरह का कोई भी फरमान जारी नहीं कर पाते। अफसरों के इस कृत्य से समाज में सरकार के खिलाफ गलत संदेश जा रहा है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम, सुरक्षा एवं तैयारियों को देखते हुए शादियों की बुकिंग रद्द करने का निर्णय लेना पड़ा है। यदि प्रधानमंत्री नहीं आते तो बुकिंग रद्द नहीं की जाएगी। बुकिंग कराने वालों को विकल्प भी दिए जा रहे हैं। ऐसे लोग चाहें तो बुकिंग की तिथि आगे बढ़वा सकते हैं, या फिर बुकिंग की पूरी रकम वापस ले सकते हैं।
-
प्रथमेश कुमार, एलडीए वीसी