उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आते ही विद्यार्थियों की चिंताएं बढ़ने लगी हैं। इस स्थिति में नियमित पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। इसे ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य की अलग चेकलिस्ट तैयार करने की सलाह दी है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, 18 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। अधिकांश माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं का पाठ्यक्रम पूरा कराया जा चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि चेकलिस्ट में नोट्स, पाठ्यक्रम की पुनरावृत्ति, मॉक टेस्ट और अभ्यास के लिए समय-सीमा निर्धारित करना शामिल है। परीक्षा की तैयारी को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
इसी तरह मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अलग चेकलिस्ट तैयार करने की सलाह दी गई है। इसमें पर्याप्त नींद, नियमित अंतराल पर ब्रेक, समय पर भोजन और हल्का व्यायाम शामिल होना चाहिए। यह दिनचर्या नियमित रूप से अपनाने से पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए टेली मानस टोल-फ्री नंबर 14416 या 18008914416 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टेली मानस एप के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, मानसिक बीमारियों की समझ, स्वयं सहायता और संतुलन से जुड़े उपयोगी संसाधन भी उपलब्ध हैं।