लखनऊ। फीस वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन कर रहे तीन छात्रों के निष्कासन के बाद से लखनऊ विवि परिसर में चल रहा धरना छठे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विवि प्रशासन पर आरोप लगाया कि जिस जगह पर वे धरना दे रहे हैं वहां की बिजली काट दी गई है और आसपास के शौचालयों को भी बंद करवा दिया गया है। छात्रों ने फिर दोहराया कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
लविवि की ओर से तीनों निष्कासित छात्रों प्रेम प्रकाश यादव, शशि प्रकाश और हर्षित शुक्ला की बहाली की मांग को लेकर विवि परिसर के गेट नंबर एक पर धरना दिया जा रहा है। इन छात्रों को 28 अप्रैल को कुलपति कार्यालय के बाहर फीस वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन की घटना के बाद निष्कासित किया गया था। प्रदर्शनकारी छात्रों ने निष्कासन आदेश वापस लेने के साथ ही हाल में हुई शुल्क वृद्धि के आदेश को वापस लेने जैसी मांगे उठाई हैं। छात्र नेता प्रिंस प्रकाश ने आरोप लगाया कि जिस जगह हम लोग धरना दे रहे हैं, वहां की बिजली तक विवि प्रशासन ने बंद करा दी है और धरना स्थल के पास स्थित शौचालय तक बंद करा दिए हैं, पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में विवि प्रशासन छात्रों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, मांगे पूरी होने से पहले धरना समाप्त नहीं होगा।