लखनऊ प्राणी उद्यान स्थित राज्य संग्रहालय समेत प्रदेश के तमाम संग्रहालयों में दर्शक मंगलवार से सैर कर सकेंगे। मार्च 20 से बंद चल रहे प्रदेश के दर्जन भर से अधिक संग्रहालयों को मंगलवार से पूर्व नियमित समय पर ही खोला जाएगा।
संग्रहालय में सैर के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य होगा। वहीं, 10 साल से छोटे बच्चे और 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग फिलहाल म्यूजियम की सैर नहीं कर पाएंगे। प्रवेश से पहले गेट पर सैनिटाइजर का प्रयोग करना होगा।
राज्य संग्रहालय लखनऊ के निदेशक डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की गाइडलाइन के तहत संग्रहालय मंगलवार से खोले जाएंगे। परिसर को सैनिटाइज कर दिया गया है। दर्शकों को मास्क और सामाजिक दूरी समेत तमाम दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। एक गैलरी में पांच से अधिक दर्शकों को नहीं जुटने दिया जाएगा।