मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी में विकास और देश का नेतृत्व करने की असीम संभावनाएं हैं। सरकार औद्योगिक विकास और युवाओं के उत्थान में कोई संकोच नहीं करेगी। ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना में जिलों के सभी उत्पादों को शामिल किया जाएगा। उत्पादों की डिजाइन और मार्केटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए भी सरकार योजना लाने वाली है।
लखनऊ और नोएडा स्थित शिल्पग्राम में बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही मंडल मुख्यालयों पर एक-एक पखवाड़े तक इन उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार लगाए जाएंगे। वे गणतंत्र दिवस पर अवध शिल्प ग्राम में उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि सरकार आने वाले साल को युवाओं को समर्पित करेगी। यूपी सबसे ज्यादा युवा आबादी वाला राज्य है। लेकिन रोजी-रोटी के लिए युवा अब तक पलायन के लिए मजबूर थे। युवाओं का प्रदेश से पलायन रोकने के लिए सरकार ने सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकारियों के साथ स्वरोजगार की दिशा में कदम उठाए हैं। इस वर्ष सरकार पांच लाख सरकारी भर्तियां करने जा रही है। जो युवा नौकरी नहीं करना चाहते हैं उनके लिए स्टार्टअप, स्टैंडअप, मुद्रा योजना के साथ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से स्वरोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएंगे।
‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना से भी 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य बनाया गया है। सीएम ने कहा कि 24 जनवरी 1950 से अब तक यूपी का स्थापना दिवस नहीं मनाया जाता था। लेकिन इस बार सरकार ने कला, परंपरा, संस्कृति, शिल्पियों, युवाओं और उद्यमियों को मंच देकर विरासत संजोने का काम किया है।
युवा संगम कार्यक्रम में 11 विषयों पर चयनित सर्वश्रेष्ठ टीमों की ओर से प्रदेश की दशा और दिशा बदलने के सुझाव दिए गए। कृषि, डिजिटल, स्वच्छता और पारदर्शिता, उत्तम शिक्षा, स्वस्थ घर परिवार, सुरक्षित प्रदेश, अंत्योदय से सर्वोदय, जनभागीदारी, कौशल विकास, अपना घर जैसे विभिन्न विषयों पर युवाओं के सुझावों को सभी ने सराहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की ओर से दिए गए सुझावों को लागू करने के लिए सरकार विचार करेगी।