मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में खाद्यान्न सहित रोजमर्रा के इस्तेमाल की सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी व कालाबाजारी न होने पाए। ऐसा करने वालों के विरुद्घ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्यवाही की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि खरीददारी के दौरान लाइनें न लगें। कोरोना से बचाव के लिए ग्लव्स व मास्क का इस्तेमाल किया जाए।
योगी ने कहा कि निजी क्षेत्र के संस्थानों एवं नियोक्ता कर्मचारियों का घर से ही काम करना सुनिश्चित करें। इस व्यवस्था को सरकारी सिस्टम में भी लागू किया जाएगा। तहसील दिवस, समाधान दिवस, मुख्यमंत्री आरोग्य मेला और जनता दर्शन का आयोजन दो अप्रैल तक स्थगित किया गया है साथ ही पुलिस को पेट्रोलिंग करने का निर्देश देते हुए लोगों को एक जगह पर इकट्ठा न होने देने का आदेश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सरकारी अस्पतालों में केवल आकस्मिक सेवाएं प्रदान की जाएं। 31 मार्च तक गैरजरूरी ओपीडी व जांच को स्थगित किया जाए जिससे कि अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ न हो।