अयोध्या। सामान्य भविष्य निधि खाताधारकों को सुगमता पूर्वक भुगतान किए जाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को वरिष्ठ उप महालेखाकार अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में कार्यशाला व सामान्य भविष्य निधि अदालत का आयोजन सर्किट हाउस में किया गया। वरिष्ठ उप महालेखाकार ने बताया कि जीपीएफ भुगतान की सभी प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन कर दी गई हैं। इसे आहरण वितरण अधिकारी समय-समय पर चेक कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जीपीएफ भुगतान प्रक्रिया ऑनलाइन होने से समयबद्ध भी हो गई है। इसका लाभ भी कार्मिकों को सेवानिवृत्त होने पर प्राप्त होगा। जीपीएफ अदालत के दौरान कार्मिकों के जीपीएफ मिसिंग, जीपीएफ भुगतान संबंधी सभी लंबित मामले, एनपीएस से जीपीएफ में स्थानांतरित कार्मिकों से संबंधित लंबित प्रकरण व जीपीएफ की शिकायतों की समीक्षा की गई। जीपीएफ भुगतान के दौरान आने वाली अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई। जीपीएफ अदालत में मुख्य कोषाधिकारी ममता सिंह, महालेखाकार प्रयागराज के वरिष्ठ लेखाधिकारी जगजीत सिंह सोढ़ी, सहायक लेखाधिकारी श्रीश शुक्ल, अवनीश कुमार, जितेंद्र सिंह समेत जिले के विभिन्न विभागों के आहरण वितरण अधिकारी व लेखाकार मौजूद रहे।