लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में एक लाख के इनामी भवन स्वामी सुरेंद्र शुक्ला को पुलिस भगोड़ा घोषित करने की तैयारी में है। पुलिस उसकी संपत्तियों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के गिरफ्तार या कोर्ट में हाजिर न होने पर पुलिस उसकी संपत्तियों की कुर्की करेगी। पुलिस ने कुर्की से पहले की कार्रवाई के लिए दस्तावेज तैयार कर लिए हैं।
इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। सुरेंद्र के संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहा है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनाम बढ़ाया भी जा सकता है।
22 जून को अलीगंज सेक्टर-डी में अवैध इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार भी किया था। घटना के दो महीने बाद भी भवन स्वामी पकड़ से दूर है। उधर, शासन की ओर से गठित एसआईटी ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अग्निकांड में एलडीए और फायर विभाग की लापरवाही सामने आई थी। एलडीए ने कुछ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। वहीं, एफएसओ इंदिरानगर को निलंबित कर दिया गया था।