लखनऊ। अलीगंज में 22 जून को हुए भीषण अग्निकांड मामले में स्वतंत्र, समयबद्ध और न्यायालय की ओर निगरानी समिति के गठन के अनुरोध वाली दाखिल जनहित याचिका (पीआईएल) पर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में 2 जुलाई को सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति राजन राय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ल की खंडपीठ के समक्ष यह जनहित याचिका बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।
जनहित याचिका की सूचना उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य स्थायी अधिवक्ता (सीएससी) के कार्यालय में भेज दी गई है। सीएससी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय अधिवक्ता शिवेंदु पांडेय ने यह जनहित याचिका दायर की है। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा महानिदेशक, लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी, लखनऊ के नगर आयुक्त, एलडीए के उपाध्यक्ष, लखनऊ के जिलाधिकारी और पांच अन्य प्राधिकारियों को प्रतिवादी बनाया गया है।