आंबेडकर जयंती नजदीक आते ही उनकी प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार सचेत हो गई है। आंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने के लिए प्रदेश के गृह विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इस संबंध में प्रदेश के सभी एसएसपी, एसपी को पत्र लिखकर निर्देश दिए गए हैं।
जिलों के एसएसपी और एसपी को जारी निर्देश में कहा गया है कि महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा करना उस जिले के कप्तान की जिम्मेदारी है।
मालूम हो कि प्रदेश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को तोड़ने के कई मामले सामने आए हैं लेकिन अभी तक किसी भी अराजकतत्व की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की कार्रवाई सिर्फ केस दर्ज करने तक ही सीमित है।
मेरठ में पिछले महीने आंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद, उन्नाव, बुलंदशहर, फिरोजाबाद समेत कई अन्य स्थानों पर आंबेडकर की प्रतिमाएं अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दीं। इससे कई जगह लोगों ने प्रदर्शन किया तो कई स्थानों पर तनाव की स्थिति रही।
इसके अलावा पिछले महीने केरल व तमिलनाडु में भी प्रतिमाएं तोड़ने के मामले सामने आए थे।