सहारनपुर में रेलवे स्टेशन और शाकंभरी देवी मंदिर को उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस ने पश्चिमी यूपी के लिए अलर्ट जारी किया है। हालांकि, शुरुआती जांच में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को भेजे गए पत्र को फर्जी बताया जा रहा है। इसके बावजूद एहतियातन पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।
एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने बताया कि स्टेशन मास्टर को एक पत्र मिला था, इसमें पंजाब, हरियाणा के साथ ही यूपी के सहारनपुर में 20 अक्तूबर व 10 नवंबर को रेलवे स्टेशन व धार्मिक स्थलों पर हमला करने की धमकी दी गई थी।
पत्र लिखने वाले ने खुद को आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा का एरिया कमांडर अंबु बुखारी बताया था। इसमें यूपी के सहारनपुर के दो स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके बाद पश्चिमी यूपी में पुलिस को अलर्ट किया गया है।
वहीं, जिस पेपर पर यह पत्र लिखा गया है उस पर भारतीय रेलवे का वाटर मार्क है। ऐसे में इसे किसी कर्मचारी की शरारत के तौर पर भी देखा जा रहा है।