दीपावली के मद्देनजर सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी गई है। अस्पतालों में बेड भी आरक्षित कर दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन पहले आदेश दे दिया है कि दीपावली की रात चिकित्सकों को 24 घंटे ऑन कॉल उपलब्ध रहना होगा।
बर्न यूनिट में मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की जाए। सिविल की बर्न यूनिट में पहले से ही कई मरीज भर्ती हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे का कहना है कि करीब 50 बेड आरक्षित कर लिए गए हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ, प्लास्टिक सर्जन, आर्थोपैडिक सर्जन की ड्यूटी तय कर दी गई है।
इसी तरह बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव लोचन ने बताया कि इमरजेंसी में बर्न मरीजों के लिए चार बेड रिजर्व किए गए हैं। वहीं नेत्र रोग विभाग में 20 बेड अलग से आरक्षित किए गए हैं। प्लास्टिक सर्जन, नेत्र सर्जन, आर्थोपेडिक सर्जन की 24 घंटे ऑन कॉल ड्यूटी लगाई गई है। लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि 10 बेड रिजर्व करने के साथ डॉक्टरों की ड्यूटी तय की गई है।