डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय
- फोटो : amar ujala
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) ने परीक्षा परिणाम जारी करने के साथ ही दीक्षांत समारोह की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। विवि इस बार कोरोना की वजह से दीक्षांत ऑनलाइन करेगा। शुक्रवार को 16 विषयों के टॉप टेन स्टूडेंट्स की प्रस्तावित सूची जारी की है, जिसमें से तीन टॉप स्टूडेंट्स को समारोह में गोल्ड, सिल्वर व ब्रांज मेडल दिए जाएंगे।
साथ ही बीटेक के ओवरआल टॉपर को चांसलर गोल्ड मेडल दिया जाएगा। जिस पर निर्णय एकेडमिक काउंसिल लेगी। साथ ही विवि इस साल पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री स्व. कमल रानी वरुण के नाम पर भी एक नया मेडल शुरू करेगा। इसी क्रम में विवि अपने संबद्ध पांच सरकारी संस्थानों आईईटी, केएनआईटी सुल्तानपुर, बीआईईटी झांसी, यूपीटीटीआई कानपुर, आर्किटेक्चर संस्थान लखनऊ के तीन-तीन मेधावियों को भी दीक्षांत समारोह में मेडल देगा।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2016 में सीबीसीएस प्रणाली लागू की गई। इस साल एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों का परीक्षाफल सीजीपीए के आधार पर घोषित किया गया है। इस साल सीजीपीए के आधार पर मेरिट सूची भी तैयार की गई है। इसमें किसी स्टूडेंट्स का सीजीपीए एक सामान है तो उसका नाम वाईजीपीए के आधार पर स्थान निकाल कर मेरिट बनाई गई है। इसके बाद भी स्टूडेंट्स को कोई आपत्ति हो तो वह ई-मेल से 25 अक्तूबर तक दर्ज करा सकता है।