लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) अपने छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक तैयार कर रहा है। ताकि उन्हें पढ़ाई के बाद रोजगार और स्वरोजगार के लिए परेशान न होना पड़े। इसी क्रम में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग ने स्कोर टेक इंडिया के सहयोग से हीटिंग वेंटिलेशन एयर कंडिशनिंग पर निशुल्क कार्यशाला का आयोजन किया है।
कार्यशाला विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज में 17 से 19 फरवरी तक चलेगी। इसमें बीटेक एमई के तीसरे व चौथे वर्ष और पासआउट छात्र प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को 15 फरवरी तक पंजीकरण कराना होगा। पहले आओ, पहले पाओ के तहत पहले 100 छात्रों को कार्यशाला के लिए चयनित किया जाएगा। कार्यशाला समन्वयक डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. नीलम श्रीवास्तव ने कहा कि यह छात्रों के लिए काफी उपयोगी होगी। (ब्यूरो)