लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के विद्यार्थियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए तकनीकी समाधान विकसित किया है। सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज के बीटेक द्वितीय वर्ष की टीम लिमिटलेज को प्रोजेक्ट ''फ्लड सहायक'' के लिए अविन्या-26 हैकथॉन में पहला पुरस्कार मिला है। टीम में शिविश कुमार, राशि गुप्ता, ईशा गंगवार और पुलकित शुक्ला शामिल हैं।
इनोवेशन हब के तहत संचालित एकेटीयू ई-सेल की इस टीम ने बाढ़ के दौरान लोगों को समय पर जरूरी जानकारी और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए यह प्लेटफॉर्म तैयार किया है। इसमें बाढ़ के जोखिम का आकलन, सुरक्षित निकासी मार्ग, नजदीकी आश्रय स्थल, एसओएस सुविधा और आपातकालीन संपर्क जैसी सुविधाएं हैं। इंटरनेट बाधित होने पर वैकल्पिक संचार व्यवस्था की संभावनाओं पर भी काम किया गया है।
विजेता टीम को 5100 रुपये नकद पुरस्कार के साथ राहत विभाग के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। इनोवेशन हब के सीईओ डॉ. महीप सिंह और सीआईओ वंदना शर्मा ने टीम का समन्वय किया। कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने छात्रों को बधाई दी।