लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने अंतिम वर्ष के सात हजार से ज्यादा छात्रों को झटका दिया है। विवि प्रशासन ने पूर्व में घोषित निर्णय को बदलते हुए अब इन विद्यार्थियों की स्पेशल कैरी ओवर परीक्षा भी ऑफलाइन कराने का फैसला लिया है। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में अभी समय लगेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने फाइनल ईयर के छात्रों को राहत देने के लिए पूर्व में स्पेशल कैरी ओवर परीक्षा ऑनलाइन कराने का निर्णय लिया था। विवि का कहना था कि इससे परीक्षा के आयोजन में समय कम लगेगा और परिणाम भी जल्द आएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एजेंसी आदि के चयन में लगभग तीन महीने का समय लगाया।
इस दौरान छात्र लगातार जल्द से जल्द परीक्षा कराने की मांग कर रहे थे। इसके लिए वे सोशल मीडिया में अभियान चलाने के साथ विवि प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन एमसीक्यू आधारित कैरी ओवर परीक्षा कराने का प्रस्ताव परीक्षा समिति, विद्या परिषद से पास कराने के बाद कार्य परिषद में लेकर गया। हालांकि, कार्य परिषद ने इस पर सहमति नहीं दी।
कार्य परिषद ने यह कहते हुए प्रस्ताव वापस कर दिया कि इसकी आवश्यकता के लिए कमेटी बनाकर गुणवत्ता व कठिनाई के स्तर पर पूरा प्रस्ताव बनाकर दोबारा विद्या परिषद में रखा जाए। कार्य परिषद के इस निर्णय से कई महीने से ऑनलाइन परीक्षा का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को झटका लगा है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ऑफलाइन परीक्षाएं आयोजित करता है तो इसके लिए उन्हें और इंतजार करना पड़ेगा। इससे अंतिम वर्ष के छात्रों को जॉब आदि में देरी होगी।
ऑनलाइन एमसीक्यू आधारित परीक्षा के आयोजन पर कार्य परिषद में सहमति नहीं बनी है। हम स्पेशल कैरी ओवर परीक्षा ऑफलाइन कराएंगे। इसे हर रविवार को आयोजित कर जल्द से जल्द परिणाम देने का प्रयास करेंगे। इसके लिए परीक्षा विभाग को आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
- प्रो. जेपी पांडेय, कुलपति, एकेटीयू