एकेटीयू: स्थापना दिवस पर छात्रों व कर्मचारियों का सम्मान
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने शनिवार को अपना रजत जयंती वर्ष (25वां स्थापना दिवस) धूमधाम से मनाया। सिल्वर जुबली लोगो प्रतियोगिता व खेल प्रतियोगिता के विजेताओं, स्थापना वर्ष से जुड़े कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। गोद लिए गए स्कूलों और आईईटी में चल रहे परमार्थ के 25-25 बच्चों को किट भी दी गई।
कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने कहा है कि विश्वविद्यालय ने 25वें साल में नैक का पहली बार मूल्यांकन कराया और ए ग्रेड मिला। यह बड़ी उपलब्धि है। उत्तर भारत में परीक्षा प्रणाली को डिजिटलाइजेशन करने और डिजीलॉकर को शुरू करने वाला पहला विश्वविद्यालय है। विश्वविद्यालय ब्लॉकचेन प्रणाली को अपना रहा है। कई मामलों में यह अन्य संस्थानों के लिए रोल मॉडल है। बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला ने कहा कि गांव के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को कार्यक्रम का हिस्सा बनाना सराहनीय है।
कार्यवाहक कुलसचिव केशव सिंह, निदेशक आईईटी प्रो. विनीत कंसल, निदेशक कैश प्रो. वीरेंद्र पाठक, डीन आर्कीटेक्चर कॉलेज प्रो. वंदना सहगल मौजूद रहे। इसके पहले कार्यक्रम की शुरुआत 25 पौधे रोपकर की गई। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह ने संचालन, एसोसिएट डीन डॉ. अनुज कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
देर रात कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एकेटीयू ने अलग मुकाम स्थापित किया है। कवि सम्मेलन में सुरेंद्र शर्मा, कविता तिवारी, प्रियांशु गजेंद्र, शंभू शिखर आदि ने रचनाएं प्रस्तुत की।
एकेटीयू: स्थापना दिवस पर छात्रों व कर्मचारियों का सम्मान
एकेटीयू: स्थापना दिवस पर छात्रों व कर्मचारियों का सम्मान