लखनऊ। एकेटीयू की विषम सेमेस्टर के यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों की नियमित व कैरी ओवर विषयों की दूसरे चरण की परीक्षाएं 28 फरवरी से 22 मार्च तक होंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी अपने ईआरपी लॉगिन से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं, कॉलेजों के लिए वेरीफिकेशन कार्ड व परीक्षार्थियों की सूची भी उपलब्ध करा दी गई है। कॉलेज इसके अनुसार अपने विद्यार्थियों को सूचित करते हुए परीक्षा में शामिल होना सुनिश्चित कराएं।
बता दें विश्वविद्यालय की दूसरे चरण की परीक्षाएं पहले 18 फरवरी से 11 मार्च तक प्रस्तावित थीं। महाकुंभ के चलते प्रयागराज, वाराणसी व अयोध्या में हो रही भीड़ को देखते हुए परीक्षाओं की तिथि बदल दी गई थी।