एकेटीयू का दीक्षांत समारोह कल, 90 पीएचडी धारकों को मिलेगी उपाधि
राज्यपाल करेंगी अध्यक्षता, पद्मश्री अनिल जोशी होंगे मुख्य अतिथि
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि (एकेटीयू) का 18वां दीक्षांत समरोह 16 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। समारोह में विवि पूर्व छात्र नीरज सरन श्रीवास्तव को को डिस्टेंगविस एल्युमिनाई अवॉर्ड से सम्मानित करेगा। नीरज विवि से संबद्ध संस्थान एकेजीईसी, गाजियाबाद से 2005 से 2009 बैच में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक के छात्र थे।
वर्तमान में वह टोरेंटो, यूएसए में डीटीएल लैब्स के को-फाउंडर एवं सीटीओ हैं। इसके अलावा समारोह में 90 पीएचडी छात्र-छात्राओं को उपाधि दी जाएगी, जो अब तक कि सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ कुल 65 मेधावियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किया जाएगा, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन की बीटेक की छात्रा सृष्टि सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा ऋतु वर्मा को कमल रानी मेडल प्रदान किया जाएगा। सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के 2 विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। साथ ही 55,181 छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपाधि दी जाएगी।
विवि के अटल विहारी वाजपेई बहुउद्देशीय सभागार में सुबह 11 बजे आयोजित समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। पर्यावरणविद पद्मश्री एवं पद्मभूषण अनिल प्रकाश जोशी मुख्य अतिथि होंगे। उनको डीएससी की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह होंगे। समारोह का पूर्वाभ्यास 15 जनवरी को दोपहर 3 बजे किया जाएगा।
अब अन्य शिक्षण संस्थान के शिक्षक और छात्र भी ले सकेंगे लाइब्रेरी का लाभ
लखनऊ। एकेटीयू की अत्याधुनिक लाइब्रेरी का लाभ अब अन्य शिक्षण संस्थान के शिक्षक व छात्र भी ले सकेंगे। इसके लिए उनको निर्धारित शुल्क जमा कराने पर कार्ड दिया जाएगा। यह सहमति बृहस्पतिवार को विवि की विद्या परिषद की बैठक में बनी। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इसके लिए जल्द विस्तृत नियम-कानून बनाने का निर्णय हुआ। बैठक में विवि के 18वें दीक्षांत समारोह में पीएचडी पाठ्यक्रम के 90 शोधार्थियों को उपाधि प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई।
साथ ही पर्यावरणविद् पद्मश्री एवं पद्मभूषण अनिल प्रकाश जोशी को डीलिट की मानद उपाधि प्रदान किए जाने की संस्तुति प्रदान की गई। बैठक में परीक्षा समिति की 68वीं बैठक के कार्यवृत पर अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में आईआईटी कानपुर के पद्मश्री प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल, आईआईटी रुड़की के प्रो. सुनील बाजपेई, विवि के प्रतिकुलपति प्रो. विनीत कंसल, कुलसचिव नंदलाल सिंह, वित्त अधिकारी जीपी सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार, यूपीटीटीआई कानपुर के निदेशक प्रो. मुकेश सिंह, एआईटीएच कानपुर की निदेशक प्रो. रचना अस्थाना आदि सदस्य उपस्थित थे।