डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय
- फोटो : amar ujala
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) प्रशासन ने परीक्षा शुल्क न जमा करने वाले 29 कॉलेजों के लगभग 1000 विद्यार्थियों का परीक्षाफल रोक दिया है। इन पर 5 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। आगे के परीक्षा परिणाम में ऐसे कॉलेजों का परीक्षाफल नहीं जारी किया जाएगा, जिनका परीक्षा शुल्क नहीं जमा किया गया है।
विश्वविद्यालय ने बीटेक, बीफार्मा व एमसीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का मई सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित किया था। इसमें लगभग 52 हजार विद्यार्थियों के परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, किंतु 1000 अन्य विद्यार्थियों के परिणाम पर विश्वविद्यालय ने रोक लगा दी है।
उक्त 29 में से 14 कॉलेज ऐसे हैं जहां छात्र इनरोल्ड नहीं हैं। संभवत: ये बंद होने वाले हैं। शेष 15 कॉलेजों के ही 1000 विद्यार्थियों का परिणाम नहीं जारी किया गया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि कॉलेज विद्यार्थियों से 6,500 रुपये परीक्षा शुल्क लेते हैं। इसे उन्हें विश्वविद्यालय में जमा करना होता है। पूर्व में परीक्षा शुल्क न जमा करने वाले सभी कॉलेजों को सूचित किया गया था और रिमाइंडर भी भेजा गया है। इसके बाद भी शुल्क न जमा करने वालों के परिणाम रोके गए हैं।