लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने नए सत्र 2026-27 में प्रवेश को लेकर तैयारी तेज कर दी है। विश्वविद्यालय नए सत्र में भी बीटेक व अन्य यूजी कोर्स में जेईई मेन, सीयूईटी यूजी के बाद खाली सीटों पर 12वीं पास छात्रों को सीधे प्रवेश देगा।
मंगलवार को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में विश्वविद्यालय के ब्रोशर को एप्रूव किया गया। बीटेक व एमटेक इंटीग्रेटेड में जेईई मेन, सीयूईटी यूजी और इसके बाद 12वीं पास छात्रों का प्रवेश होगा। इसी तरह बीडेस, बीफार्मा, फार्माडी, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, बीएफए, एमबीए इंटीग्रेटेड, एमसीए इंटीग्रेटेड, बीबीए, बीसीए में प्रवेश सीयूईटी यूजी व इसके बाद 12वीं पास छात्रों से होगा।
इसी क्रम में बीआर्क में प्रवेश नाटा व जेईई मेन से और एमटेक में गेट, सीयूईटी पीजी, इंस्टीट्यूट स्तर की परीक्षा के आधार पर प्रवेश होगा। कुलपति ने बताया कि मुख्य काउंसिलिंग 14 जुलाई तक खत्म करके, सत्र 15 जुलाई से सभी कोर्स की कक्षाएं शुरू करा देंगे। मुख्य काउंसिलिंग चार चरणों में होगी। इसका आवेदन शुल्क 1000 रुपये होगा। सीट का आवंटन ऑनलाइन होगा।
सीट मिलने पर कंफर्मेशन शुल्क 20 हजार व 12 हजार होगा। सीट वापस लेने पर 1000 रुपये कंफर्मेशन शुल्क वापस किया जाएगा। आवंटित संस्था में फिजिकल रिपोर्ट न करने पर सीट खाली मानी जाएगी। शैक्षिक सत्र 2026-27 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सभी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल से कराई जाएगी। विश्वविद्यालय जल्द ही प्रवेश कार्यक्रम जारी करेगा। बैठक में प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, वित्त अधिकारी केशव सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह, प्राचार्या एफओएपी प्रो. वंदना सहगल आदि उपस्थित थे।
छात्रों से नहीं लेंगे चरित्र प्रमाण पत्र
कुलपति ने बताया कि प्रवेश समिति ने इंटर छात्रों से लिए जाने वाले चरित्र प्रमाण पत्र को अनुपयोगी माना। इसका कोई उपयोग नहीं है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया कि प्रवेश के समय छात्रों से चरित्र प्रमाण पत्र नहीं लेंगे। इसी तरह एक ही मेरिट पर अगर दो छात्र आ जाते हैं तो इसे कैसे तय करेंगे। इसकी सूचना भी बुकलेट में शामिल की गई है।