एकेटीयू के सत्र 2021-22 की सम सेमेस्टर स्नातक व परास्नातक के रेगुलर व कैरीओवर के परीक्षा कार्यक्रम के बाद परीक्षा केंद्रों में भी बदलाव किया गया है। सोमवार को फाइनल परीक्षा कार्यक्रम व परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी गई।
विवि प्रशासन ने पूर्व में 25 मई से फाइनल व थर्ड ईयर की परीक्षा का कार्यक्रम प्रस्तावित किया था। बाद में अपरिहार्य कारणों से इसे 4 से 27 जून के बीच प्रस्तावित किया गया। अब कुछ परीक्षा केंद्रों में भी संशोधन किया गया है। परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 117 केंद्र बनाए गए हैं।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब सवा लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी। विवि की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों को पत्र भेजकर कहा गया है कि फाइनल परीक्षा कार्यक्रम व परीक्षा केंद्रों की वेबसाइट पर अपलोड के बारे में विद्यार्थियों को भी सूचित करें।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर केंद्र पर दो-दो ऑब्जर्वर की तैनाती भी की गई है। विवि प्रशासन परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।