लखनऊ। होली के बाद से सुस्त राजधानी के बाजार में सहालग और अक्षय तृतीया ने रफ्तार भर दी है। 15 अप्रैल से शुरू हुई सहालग और अक्षय तृतीया की खरीदारी से बाजार में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की समृद्धि बरस चुकी है। इसके अलावा सहालग और अक्षय तृतीया के चार दिन में सराफा बाजार में 100 करोड़ रुपये के और कारोबार का अनुमान है।
लखनऊ सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रविंद्रनाथ रस्तोगी बताते हैं कि सहालग से बाजार दौड़ा। अक्षय तृतीया पर भी लोगों ने पहले से बुकिंग कराई है। एडवांस बुकिंग में 80 फीसदी तक रकम देनी पड़ती है। इस लिहाज से सराफा बाजार में अब तक 80-100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
सहालग और अक्षय तृतीया ने कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक और कैटरिंग कारोबार में भी गति दे दी है। भूतनाथ के कपड़ा कारोबारी उत्तम कपूर बताते हैं कि थीम वेडिंग का चलन होने से दूल्हा-दुल्हन समेत पूरा परिवार लहंगे और शेरवानी में नजर आ रहा है। पांच हजार तक की साड़ियां और 45 हजार तक के लहंगे डिमांड में हैं। उधर, ऑटो सेक्टर में भी बहार है। करीब 200 कारों की बुकिंग हुई है। ऑटो सेक्टर में 20-25 करोड़, कपड़ा बाजार में 15 करोड़ के आसपास तो इलेक्ट्रॉनिक व कैटरिंग सेक्टर में पांच करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
गर्मी से इलेक्ट्रॉनिक मार्केट को राहत
इलेक्ट्रॉनिक मार्केट को हमेशा की तरह इस बार भी गर्मियों की सीजन से राहत मिल रही है। एसी और कूलर की अच्छी बिक्री हो रही है। एसी के 10-15 फीसदी दाम बढ़ने के बावजूद बिक्री में कमी नहीं है। डेढ़ से दो टन तक के एसी ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इंडक्शन, एयरफ्रायर और माइक्रोवेव की भी अच्छी बिक्री हो रही।
दूर हुआ कैटरिंग कारोबार का सूखा
बंपर सहालग ने कैटरिंग कारोबार का सूखा भी दूर कर दिया है। कैटरिंग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बताते हैं कि 20 और 21 अप्रैल को सबसे तगड़ी लगन है। एक हफ्ते में दो हजार के करीब शादियां होनी हैं।
शोरूम में जेवर पसंद करते लोग।