मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 20 अक्तूबर को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों से मुखातिब होंगे। इसके लिए विधानभवन के तिलक हॉल में बैठक बुलाई गई है।
कानून-व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा के लिए होने वाली इस बैठक में सीएम अपनी नई प्राथमिकताओं का भी संकेत कर सकते हैं।
यह बैठक ऐसे मौके पर होने जा रही है जब सरकार अपना आधा कार्यकाल पूरा कर चुकी है। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद सत्ताधारी दल ने विधानसभा और लोकसभा के उपचुनाव में जोरदार वापसी की है।
सपा के तीन दिनी राष्ट्रीय सम्मेलन में सरकार और प्रशासन को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिला फीडबैक मुख्यमंत्री के पास है।
जिले में विकास कार्यों की निगरानी करने वाले अफसरों की रिपोर्ट भी उनकी जानकारी में है। मुख्यमंत्री इस बैठक में अफसरों को यह साफ संदेश दे सकते हैं कि कानून-व्यवस्था व कार्यशैली के मोर्चे पर अब फील्ड के अफसरों की जिम्मेदारी तय होगी।