मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो कुछ दिनों पहले कह रहे थे कि अच्छे दिन आने वाले हैं।
ये उसी विचारधारा के लोग हैं जो लव जेहाद की बात करते हैं। ऐसी ताकतें समाज को बांटती हैं। समाजवादी पार्टी को इन ताकतों से लड़ना अच्छे से आता है। हमारी पार्टी इनका डटकर मुकाबला करेगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को इंजीनियर्स डे समारोह के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी ताकतों के बारे में जनता अच्छी तरीके से जानती है और समझती है। सपा चाहती है कि प्रदेश में प्रेम व भाईचारा बढ़े।
मजहबी एकता हो व प्रदेश का विकास अच्छे से हो, लेकिन दूसरी विचारधारा वाले दल हमेशा से समाज को बांटने का काम करते रहे हैं। सपा ने हमेशा ही इन लोगों का मुकाबला किया है।
इस बयान से मच गया था बवाल
गौरतलब है कि भाजपा सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने रविवार को कहा था कि मदरसों में आतंकवाद और लव जेहाद की शिक्षा दी जाती है।
मदरसों में इस्लामीकरण व लव जेहाद की बातें न हों। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि मदरसों में राष्ट्रीयता की शिक्षा नहीं दी जाती। इसी बयान के बाद सियासी हलकों में बखेड़ा खड़ा हो गया है।
साक्षी के बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने भी कड़ी आपत्ति जताई थी। बोर्ड के तफ्हीम-ए-शरीयत कमेटी ने रविवार को लव जेहाद को गैर इस्लामी बताया। कमेटी ने साफ किया कि लव जेहाद सियासी उपज है।
कमेटी ने भी मीडिया से गुजारिश की कि ऐसे मुद्दों को तूल न दिया जाए।
याद दिलाया मदरसों का योगदान
वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अपर महाधिवक्ता जफरयाब जीलानी ने कहा कि मदरसों का देश की आजादी में क्या योगदान रहा है। इसे भुलाया नहीं जा सकता। मदरसों में राष्ट्रीय ध्वज का पूरा सम्मान किया जाता है।
15 अगस्त, 26 जनवरी ही क्यों, मदरसों में हमेशा के देश के राष्ट्रीय ध्वज व राष्ट्रीय गीत का आदर किया जाता है। मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि मदरसों में आतंकवाद नहीं, प्रेम व भाईचारा पनपता है।
इसे कोई मदरसों में आकर और देखकर ही समझ सकता है। बयानबाजी करके साक्षी महाराज मदरसों को बदनाम न करें।