अगले चुनाव में कितना समय बाकी है? ...आपका आशीर्वाद रहा तो 2017 तक सीएम रहूंगा। राज्यपाल राम नाईक के सवाल का जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यह जवाब दिया तो पूरे सभागार में ठहाके लगने लगे।
इस सवाल का कोई सियासी अर्थ न निकाला जाए लिहाजा राज्यपाल ने तत्काल सवाल की वजह भी स्पष्ट कर दी। अवसर था विद्युत नियामक आयोग के भवन का शिलान्यास समारोह का।
समारोह को संबोधित करने पहुंचे राज्यपाल नाईक ने पहले तो आयोग के भवन के लिए जमीन मिलने में 12 साल लगने पर हैरानी जताई। फिर इस पर भी आश्चर्य जताया कि जमीन मिलने से शिलान्यास तक की औपचारिकता में भी 4 साल लग गए।
फिर सवाल किया कि जब जमीन मिलने में 12 और शिलान्यास में 4 साल लगते हैं तो फिर भवन तैयार होने में कितना वक्त लगेगा? राज्यपाल के इस सवाल से प्रमुख सचिव ऊर्जा और आयोग के चेयरमैन असहज हो गए। हालांकि मंच से आवाज आई 2016 में।