सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकारों ने नदियों की पवित्रता और निर्मलता समाप्त करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। गंगा, यमुना, गोमती, हिंडन व वरुणा समेत सभी नदियों का जल बुरी तरह प्रदूषित है। इनकी सफाई के नाम पर करोड़ो रुपये की सिर्फ बंदरबांट हुई है।
अखिलेश ने कहा, मां गंगा के बुलावे पर गुजरात से काशी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल खत्म होने को है, पर गंगा पहले जैसी मैली है। वे गुजरात के सूरत में कुंआरी नदी में जलकुंभी की काली छाया छोड़कर आए और काशी भी इससे अछूती नहीं रही। लखनऊ में गोमती नदी भी प्रदूषण की मार झेल रही है।
अखिलेश बोले, गोमती रिवर फ्रंट के सुंदरीकरण का काम सपा राज में हुआ था, पर अब इसकी हरियाली एकदम खत्म हो चुकी है। बेशकीमती इम्पोर्टेड फाउंटेन कबाड़ होने को है। नदी के काफी बड़े हिस्से पर जलकुंभी फैल चुकी है।
पर्यावरण की रक्षा, नदियों की निर्मलता और सुंदरीकरण की दिशा में सपा सरकार ने जो कदम उठाए थे, उन्हें रोककर भाजपा ने जनता के साथ धोखा किया है। 2019 के चुनाव में जनता भाजपा से हिसाब-किताब चुकता करेगी।