मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। जल्द ही वे अचानक बिना सुरक्षा के अकेले घूमते हुए दिखाई देंगे। मुख्यमंत्री रविवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पिछले दिनों सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह तो चाहते हैं कि उनसे एसएसजी सुरक्षा भी वापस ले ली जाए।
क्या वे अकेले नहीं घूम सकते? उन्होंने कहा, आप देखेंगे कि जल्द ही हम घूमने के लिए अकेले निकलेंगे। विक्रमादित्य मार्ग पर साइकिल ट्रैक का काम चल रहा है। इस पर भी जल्द ही साइकिल चलाते भी दिख जाएंगे।
किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य न मिलने के सवाल पर सीएम ने कहा कि इस पर सरकारों को लगातार काम करना पड़ेगा। किसान परंपरात खेती में लगे हैं। उन्हें जागरूक करना होगा। आईआईटी से निकले इंजीनियर भी दूध के कारोबार में उतर रहे हैं।
उन्हें पता है कैसे मुनाफा कमाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दो हजार कामधेनु डेयरी खोली गई हैं। कुक्कुट पालन को बढ़ावा दिया गया है। गाजीपुर में दूध ले जाने के लिए मुफ्त बसें चलाई गई हैं। कानपुर देहात में सब्जियां और महोबा में पान ले जाने के लिए बसें लगाई गई हैं।