सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार के दरभंगा के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में राजद प्रत्याशी भोला यादव के समर्थन में जनसभा की। पटना व आसपास के जिलों में शनिवार को मौसम खराब होने से हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। अखिलेश ने सड़क मार्ग से पहुंचकर बहादुरपुर में जनसभा को संबोधित किया। कहा, इस चुनाव में भाजपा बिहार की सत्ता से बाहर हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ भाजपा के चुनावी चेहरे है। अब उन्हें सीएम नहीं बनना है। बिहार का चुनाव नौकरी बनाम भाजपा है। तेजस्वी यादव नौजवानों को सम्मान वाली नौकरी देना चाहते हैं तो भाजपा सिर पर टोकरी रखकर मजदूरी कराना चाहती है। इसलिए यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा बताए कि दोषपूर्ण जीएसटी लगाकर महंगाई किसने बढ़ाई। लोकसभा चुनाव में यूपी की जनता ने भाजपा को अवध में हराया है। अब बिहार की जनता भाजपा को मगध में हराएगी। बिहार में भाजपा की कई टीमें लड़ रही है। कोई ए टीम है, कोई बी तो कोई पी टीम भी है। इन टीमों से सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने फौज की नौकरी को अग्निवीर बना दिया। हम इंडिया गठबंधन के लोग फौज की आधी-अधूरी नौकरी स्वीकार नहीं करेंगे। नौजवानों को पक्की नौकरी देंगे।
उन्होंने कहा कि याद रखें कि बिहार का चुनाव परिणाम केंद्र की सरकार का भविष्य तय करेगा। बिहार ने हमेशा सांप्रदायिक ताकतों को हराया है। उन्होंने पूर्णिया जिले के धमदहा विधानसभा क्षेत्र और मधुबनी जिले के बाबू बरही विधानसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन प्रत्याशी अरुण कुशवाहा को भी जिताने की अपील की।