मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि राज्य सरकार सूखे के संकट से जूझ रहे बुंदेलखंड की हर तरह से मदद करेगी। जरूरत पड़ी तो विशेष सुविधाएं भी दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द बुंदेलखंड दौरे पर जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सूखे को लेकर केंद्र को रिपोर्ट भेज चुकी है। केंद्र को भी राहत के लिए पैसा उपलब्ध कराना चाहिए।
कैबिनेट की बैठक के बाद सोमवार को पत्रकारों के सवालों के जवाब में अखिलेश ने कहा कि बुंदेलखंड की स्थिति को लेकर सरकार पहले से चिंतित है। योगेंद्र यादव आना चाहते थे। उन्हें बुलाकर सुझाव लिया। अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। हाल ही में मुख्य सचिव बुंदेलखंड दौरा करके लौटे हैं।
बुंदेलखंड में मनरेगा या फिर किसी अन्य योजना में तालाब खुदवाने पड़ें, नदियों को साफ कराना व खुदाई करानी पड़े, सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुदृढ़ करनी हो, ज्यादा बिजली हो, ये सारे काम किए जा रहे हैं।