सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने झूठे वादे करके सत्ता हथियाई है। केंद्र और प्रदेश की सरकारें आम लोगों के लिए कुछ नहीं कर रहीं। उन्होंने कहा कि आरएसएस पर सबसे पहले सरदार पटेल ने ही प्रतिबंध लगाया था।
अखिलेश यादव पार्टी मुख्यालय पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पटेल ने अपने काम से लोगों का दिल जीता, इसलिए उनके नाम से पहले ‘सरदार’ जुड़ा। जबकि, उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा लगाने वाले लोगों के बीच झूठ फैलाकर सत्ता में आए हैं।
न तो किसी के अकाउंट में 15 लाख रुपये आए और न ही नोटबंदी से मिले कालेधन का वे हिसाब दे रहे हैं। जीएसटी लगाकर व्यापारियों को परेशान किया, जिससे देर-सबेर किसान भी परेशान होगा। संघ परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं। इन पर सरदार पटेल ने भी प्रतिबंध लगाया था। इस एतिहासिक तथ्य से ध्यान हटाने के लिए ही भाजपा सरकार गुजरात में पटेल की मूर्ति लगवा रही है।
अखिलेश ने कहा कि हमने सरदार पटेल की जयंती पर अवकाश घोषित किया था, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। अखिलेश ने नए छप रहे नोटों पर सभी प्रमुख महापुरुषों के फोटो छापने की मांग भी सामने रखी। अखिलेश ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, एयरफोर्स को धन्यवाद देना चाहता हूं कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर जहाज उतारकर भाजपा के लोगों के मुंह बंद कर दिए, वरना वे तो फावड़ा लेकर एक्सप्रेस-वे के निर्माण में खामियां ढूंढने में लगे थे। अगर उनकी सरकार होती तो एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां भी विकसित हो गई होतीं।