मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लखनऊ से बलिया तक समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे रिकॉर्ड 30 महीने के भीतर पूरा हो जाएगा। इसके लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था कर ली गई है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके नोटबंदी के फैसले से जहां विकास थम गया है और बड़ी संख्या में लोगों के बेरोजगार होने का खतरा है। वहीं हमारे सड़कों को बेहतर बनाने के फैसले से अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।
सीएम ने बृहस्पतिवार को विधान भवन के सामने आयोजित एक कार्यक्रम में 354 किलोमीटर लंबे समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया।
यह एक्सप्रेस-वे लखनऊ से बाराबंकी, सुल्तानपुर, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर होते हुए बलिया तक जाएगा। इस मौके पर सीएम ने कहा कि समाजवादी एक्सप्रेस-वे बनने के बाद देश की सबसे बड़ी सड़क हमारे प्रदेश में होगी। अखिलेश बोले, पिछले साढ़े चार साल में जितनी फोरलेन सड़कें यूपी में बनीं, उतनी सड़कें किसी और प्रदेश में नहीं बनीं।
...इसलिए सबसे व्यस्त सड़क पर बनाया लोकभवन
राजधानी की सबसे व्यस्त सड़क पर लोक भवन बनाया, ताकि यहां से गुजरने वाले लोग नेताओं के काम का भी मूल्यांकन कर सकें। जिसने अच्छा काम किया, उसे दुबारा कुर्सी पर बैठाएं और खराब काम करने वालों को मौका मिलने पर बाहर का रास्ता दिखाएं।
उन्होंने समाजवादी एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन देने वाले किसानों का आभार जताते हुए कहा कि 40 फीसदी जमीन का अधिग्रहण हो गया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी के फैसले से अर्थव्यवस्था थम गई है।
डिजिटल इंडिया का सपना दिखाने वाले उस दिशा में कोई काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में जनता के दबाव में नोटबंदी वापस ले ली गई। हमारे यहां नोटबंदी के परिणाम छह महीने से लेकर एक साल में सामने आएंगे और बड़े पैमाने पर लोग अपने रोजगार खोएंगे।
उन्होंने कहा कि आज विधानसभा सत्र का आखिरी दिन था और समाजवादी संकल्प लेकर उठे हैं कि अगली सरकार भी हम ही बनाएंगे।
वाराणसी को 201 करोड़ के योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को वाराणसी को 201 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने वरुणा नदी के एक हिस्से के चैनलाइनजेशन व तटीय विकास के कार्यों का लोकार्पण किया।
यहां उन्होंने कहा कि नदियां साफ हों और शहरों की गंदगी नदियों में न जाने पाए, यह हमारी जिम्मेदारी है। जिस हाल में हमें नदियां मिली हैं, आने वाली पीढ़ी को उससे बेहतर मिलनी चाहिए। पर्यावरण को जो नुकसान हुआ, उसे सुधारना होगा।
लोकभवन में आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि वरुणा नदी के पुनरुद्धार का काम सपा सरकार के घोषणा पत्र में नहीं था। इसके बावजूद यह काम किया गया। उन्होंने वरुणा से जुड़े कार्यों का श्रेय वहां के तत्कालीन जिलाधिकारी और अब विशेष सचिव सीएम प्रांजल यादव को दिया। वरुणा के चैनलाइनजेशन और तटीय विकास पर 201.66 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
अब काम के आधार पर वोट देने का समय है
आजम खां व अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
अखिलेश ने कहा कि अब काम के आधार पर वोट देने का समय है। इस बार जब इतना काम किया तो समाजवादी सरकार दोबारा आती है, तो कितना विकास होगा। उन्होंने महाराजगंज जिले की फरेंदा तहसील के 42 आवासीय भवनों का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम को लोक निर्माण राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने वरुणा चैनलाइनजेशन के काम को ऐतिहासिक बताया। इस मौके पर नगर विकास मंत्री आजम खां, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार आलोक रंजन, प्रमुख सचिव सिंचाई सुरेश चंद्रा और प्रमुख सचिव राजस्व अरविंद कुमार भी उपस्थित थे।
गोमती का किनारा मिलने का नया ठिकाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में गोमती नदी का इस तरह विकास किया गया है, कि एक बार जो देख लेगा, उसका घूमने का मन जरूर करेगा।
उन्होंने लोगों को मिलने का एक नया स्थान दिया है। उन्होंने कहा जिस तरह का काम गोमती नदी के किनारे हुआ, वैसा काम देश में कहीं नहीं हुआ है। लोग दूसरे देशों के नदियों के किनारों की तारीफ करते थे। अब लोग गोमती किनारे का उदाहरण देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने गोमती किनारे के साथ साइकिल ट्रैक व वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है। यहां जिस मौसम में लोग जाएंगे, उस मौसम के फूल नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि इसी तरह का काम उनकी सरकार वृंदावन में कर रही है।
शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय में बाधा रहित स्टेडियम का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में 143 करोड़ रुपये से बनने वाले बाधा रहित स्टेडियम का शिलान्यास भी किया। इसके पहले चरण के लिए सरकार ने 50 करोड़ 66 लाख 57 हजार रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इसमें 20 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था को दिया जा चुका है।
इस स्टेडियम में इनडोर व आउटडोर दोनों तरह खेल होंगे। इनडोर में स्पेशल कांपलेक्स, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, टेनिस, टेबिल टेनिस, चेस, कैरम की सुविधा होगी। वहीं आउटडोर में क्रिकेट, फुटबॉल, वालीबॉल के लिए व्यवस्था होनी है।
छह समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालयों का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने नि:शक्तजन विकास विभाग के छह समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालयों का शिलान्यास भी किया। यह विशेष विद्यालय गाजियाबाद, बुलंदशहर, एटा, मिर्जापुर, महराजगंज, प्रतापगढ़ में बनेंगे। लखनऊ के डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में इस तरह का विद्यालय पहले से बन रहा है।