सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लालबहादुर शास्त्री भवन स्थित सचिवालय एनेक्सी (मुख्यमंत्री कार्यालय) का रंग बदलने पर तंज कसा है। शनिवार को उन्होंने एक बयान में कहा, भाजपा सरकार को समझना चाहिए कि रंग बदलने से विकास नहीं होता बल्कि विकास होने से ही राज्य का रंग बदलता है और तब प्रदेशवासियों का मन भी बदलता है।
अखिलेश ने कहा, हमारी सरकार ने मेट्रो रेल, आगरा एक्सप्रेस-वे, जनेश्वर मिश्र पार्क और गोमती रिवर फ्रंट के जरिये राज्य की जनता को विकास के नए रंगों से परिचित कराया था। ये रंग जनता के मन में बस गए हैं। भाजपा ने खुद कुछ करने के बजाय सपा सरकार के कामों को बदनाम करने और जांच के नाम पर अच्छे काम रोकने के अलावा कुछ नहीं किया। जनता भाजपा को अपना रंग 2019 के चुनावों में दिखाएगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा, सपा सरकार में जिन जनकल्याणकारी कामों की शुरुआत की गई थी उसे आगे बढ़ाने के बजाय या अपना कोई उल्लेखनीय काम दिखाने के बजाय भाजपा सरकार प्रदेश में पहले रोडवेज बसों का रंग बदलने में लग गई। इससे जी नहीं भरा तो अब सचिवालय एनेक्सी का रंग बदलने में दिनरात एक किए हुए हैं।