यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निकाय चुनाव के लिए जारी किए गए भाजपा के संकल्प पत्र को 'छल पत्र' बताया है। सपा द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज में उन्होंने कहा है कि अभी आठ महीने पहले ही विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें किया हुआ कोई भी वादा सरकार ने पूरा नहीं किया है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोगों को यह पता होना चाहिए कि काठ की हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती है। उन्होंने कहा, उनके तथाकथित संकल्पपत्र की न कोई विश्वसनीयता है और न इनकी साख बची है। भाजपा नेता अपनी जेबमें ओपियम की पुड़िया रखते हैं ताकि जनता को अपने झूठ से मदहोश कर सकें।
प्रदेश के मतदाता भूले नहीं है कि 8 महीने पहले विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जो वादे किए थे उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार में हर तरफ अव्यवस्था और अराजकता फैली है। शहरों में गंदगी-कूड़े के ढ़ेर लगे हैं। बीमारियां फैल रही है। डेंगू से कितनी ही मौतें हो चुकी हैं गोरखपुर में सैकड़ो बच्चों की मौतें हो चुकी है।दवा और आक्सीजन के बगैर अस्पतालों में मौतें हो रही हैं।
भाजपा राज में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है जबकि समाजवादी सरकार के समय अपराध की घटनाओं पर रोक लगी थी। आज दिन दहाड़े लूट अपहरण और बच्चियों तक से बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। लोग डरे-सहमें हैं।