अखिलेश ने नदियों में बढ़ते प्रदूषण और नौजवानों में बढ़ती कुंठा पर खासतौर पर चिंता जाहिर की। कहा, सपा सरकार ने गोमती और वरूणा की सफाई के लिए कई कदम उठाए थे। गोमती रिवर फ्रंट का आकर्षण बढ़ गया था। भाजपा सरकार में गंगा सफाई के नाम पर अच्छा खासा बजट तो दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी तौर पर कुछ खास नहीं हो रहा है। प्रदेश की नदियों व तालाबों में जलकुंभी का ही बोलबाला है। दुनिया के किसी देश में नदियों की ऐसी दुर्दशा देखने को नहीं मिलती। जबकि भारत में तो नदियों को पूजा तक जाता है। भाजपा सरकारों की संवेदन शून्यता से नदियां मर रही हैं।
अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल अजीत कुरैशी से मिलकर सियासी हालात पर चर्चा की। यह चर्चा इसलिए अहम है कि कुरैशी ने एक दिन पहले ही कहा है कि यूपी में मायावती के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव लड़ा जाना चाहिए। सपा अध्यक्ष से राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकार व समाज सेवी डॉ. मदन यादव एवं वंदना यादव, सपा के प्रदेश महासचिव उमा प्रताप सिंह व छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वीराज गाली ने भेंट की। उन्होंने राजस्थान विधानसभा के चुनावों में पार्टी की स्थिति से अवगत कराया। पटना में सुपर 30 कोचिंग के संचालक आनंद कुमार भी अखिलेश से मिले। उन्होंने प्रतिभाशाली छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी।