समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव में किसानों पर पुलिस-प्रशासन की दमनात्मक कार्यवाही की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की जायज मांग व आवाज को कुचलने का अलोकतांत्रिक काम किया है।
भाजपा सरकार किसानों के प्रति द्वेषपूर्ण रवैया अपनाने में जरा भी संकोच नहीं कर रही। अखिलेश ने शनिवार को बयान में कहा कि ट्रांस गंगा सिटी के लिए किसानों की जमीनें जबरन अधिगृहीत की गई है। किसानों को बहुत कम मुआवजा मिला है।
किसान जब बढ़ा हुआ मुआवजा और रोजगार की मांग कर रहे हैं तो उन पर पानी, आंसू गैस छोड़ी गई और जमकर लाठियां बरसाई गई हैं। दर्जन भर से ज्यादा किसान घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा, भाजपा सरकार ने चुनाव के समय जो वादा किसानों से किया था, उसे पूरा करना चाहिए। भाजपा किसानों की समस्याओं का जवाब लाठी-गोली से देकर संवेदनाओं को तार-तार करना अपना धर्म समझती है।