सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की मंशा किसानों को फायदा पहुंचाने की न कभी थी और न है। ये सरकार गरीब विरोधी है। चुनाव खत्म होने के बाद किसानों से सम्मान निधि की राशि वापस किए जाने की नोटिस जारी हो रही हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेवाई) में गेहूं का कोटा रद्द करने का निर्णय हो गया है। जून महीने से गरीबों को गेहूं की जगह चावल बंटेगा। अभी तक तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल बांटने का ढिंढोरा पीटा जा रहा था। चुनाव खत्म होने के बाद किसानों से सम्मान निधि की राशि वापस किए जाने की नोटिस जारी हो रही हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार गेहूं खरीद में किसानों के हितों के ऊपर उद्योगपतियों के लाभ को प्राथमिकता दी। गेहूं की सरकारी खरीद की जगह पांच बड़ी कंपनियों को गेहूं बिकवा दिया गया। उत्तर प्रदेश में गेहूं खरीद का लक्ष्य 60 लाख मीट्रिक टन था जबकि मात्र 2.35 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई। इसके परिणाम स्वरूप बाजार में आटा और महंगा होगा। इससे बड़े उद्योगपतियों और उनकी कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा किसानों को फायदा पहुंचाने की न कभी थी और न है। अगर गेहूं का लाभकारी मूल्य देना चाहती तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कम से कम 2500 रुपए प्रति क्विंटल होना चाहिए था।