सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के अंदर कूड़ा ज्यादा है लेकिन उसके नेता हाथ में झाड़ू पकड़े हुए हैं। उनसे कहीं सफाई नहीं हुई। अब इस कूड़े को साफ करने की जिम्मेदारी सपा उठाएगी।
अखिलेश शनिवार को सपा मुख्यालय में नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों, नगर पालिका अध्यक्षों व नगर पंचायत अध्यक्षों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपाई गुजरात मॉडल का झूठा प्रचार करते हैं। भाजपा स्मार्ट सिटी की बड़ी बातें करती है लेकिन यह स्मार्ट सिटी क्या है और कहां है, इसका अता-पता नहीं है।
भाजपा ऐसे ही झूठे सपने दिखाती है। भाजपा सरकारों ने अब तक कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। गांव, गरीब, किसान नौजवान सभी परेशान हैं। भाजपा ने महापौर के चुनावों का इस तरह शोर मचाया था जैसे चुनाव सिर्फ नगर निगमों में ही हुए हों।
पूरे राज्य में नगर पंचायत और नगरपालिका परिषद के चुनावों की उसने चर्चा तक नहीं की। सच्चाई तो यह है कि इन चुनावों में भाजपा बुरी तरह पराजित हुई है। अयोध्या में राम जन्मभूमि वार्ड से सपा जीती है।