मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली के लोकल फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है।
उन्होंने आलू की बुआई के लिए गांवों को कम से कम 10 घंटे बिजली देने तथा गांवों में कृषि फीडर अलग करने के काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। वे मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीत लहर के दौरान रोस्टर के मुताबिक बिजली की आपूर्ति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराई जाए।
साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्रीय बिजली व कोयला राज्यमंत्री के साथ पिछले दिनों हुई बैठक में उठाए गए मुद्दों पर राज्य सरकार के स्तर से होने वाली कार्रवाई को तत्काल पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्तूबर 2016 से ग्रामीण क्षेत्रों में 16 घंटे तथा शहरी क्षेत्रों में 22 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए माहवार लक्ष्य तय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य सचिव को मासिक समीक्षा करने और इस कार्य की प्रगति से उन्हें अवगत कराने के निर्देश भी दिए।