पहले लव जेहाद, फिर मस्जिदों के लाउडस्पीकर और अब धर्म परिवर्तन की घटना से खफा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां भाजपा और आरएसएस को निशाने पर लिया।
सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाज में जहर फैलाने का काम कर रही है। सपा सरकार इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा वालों से कहेंगे कि हमारा भी धर्म परिवर्तन करा दें। देखते हैं क्या बनाते हैं मुझे। 25 दिसंबर को अलीगढ़ में प्रस्तावित धर्म परिवर्तन के एक मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। पुलिस को दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
कानपुर नगर के 19 विभागों के 53 परियोजनाओं के 11000 लाभार्थियों को 84 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने, 106 करोड़ रुपये की 60 परियोजनाओं का उद्घाटन और 460 करोड़ रुपये की 15 परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात की और कहा कि भाजपा ने प्रदेश वासियों को 24 घंटे बिजली देने का दावा करके केंद्र की सत्ता हासिल की है। अब बिजली देने का नाम नहीं कर पा रहे हैं।
पैसे के दम पर करवा रहे हैं धर्मांतरण
अखिलेश ने कहा कि भाजपा भले ही अपने वादे से मुकर गई हो लेकिन सपा सरकार अच्छी बिजली उपलब्ध कराएगी। इस दिशा में काम चल रहा है। मैं पूछना चाहता हूं कि पिछले छह महीने में केंद्र सरकार ने क्या किया।
पाकिस्तान के हमलों में सेना के जवान मारे जा रहे हैं। नक्सली हमले में सीआरपीएफ जवान शहीद हो रहे हैं। केंद्र सरकार के पास कोई दिशा नहीं है। जो लोग गौरक्षा की बात करते हैं, उनके घरों में गाय नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ रक्षा का संकल्प लेने वाले भाजपा नेताओं को जूता पहनना और बेल्ट लगाना छोड़ देना चाहिए। इसकी जगह खड़ाऊं पहनना चाहिए।
कहा कि आईजी, डीआईजी भी बेल्ट लगाना छोड़ दें, मैं पूछने नहीं जाऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हल्ला मचाकर टेनरियों का नुकसान करना चाहती है, जो कि राज्य सरकार नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस पैसे के दम पर धर्म परिवर्तन कराना चाह रहे हैं। यह यूपी ही नहीं, पूरे देश में वैमनस्यता फैलाने की साजिश है।
राम मंदिर पर राज्यपाल के बयान से बचे अखिलेश
राज्यपाल राम नाईक अयोध्या में राम मंदिर बनवाने के बयान को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब मुख्यमंत्री ने नहीं दिया। यह जरूर कहा कि राजभवन से सरकार के संबंध हैं।
नोएडा विकास प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर यादव सिंह के खिलाफ कार्रवाई में देरी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। यादव सिंह को सस्पेंड किया जा चुका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने उन्नाव को कानपुर और लखनऊ की तरह विकसित करने की बात कही। कहा कि ट्रांस गंगा की हाईटेक सिटी की लांचिंग हो गई है। अब कानपुर और लखनऊ के साथ ही उन्नाव में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के कामकाज की तारीफ की और कहा कि पिछले ढाई सालों में तमाम ऐसे काम हुए हैं, जो कि देश और प्रदेश की कोई सरकार नहीं कर सकी है। समाजवादी पेंशन योजना इसका एक उदाहरण है।
मीडिया समझेगी अच्छा काम कर रही है सपा
मुख्यमंत्री ने मीडिया को भी निशाने पर लिया। कहा कि बदायूं में दो बहनों के मामलों को लेकर राज्य सरकार को काफी भला-बुरा कहा गया। अब नतीजा सामने है।
मीडिया को धीरे-धीरे समझ में आ जाएगा कि सपा सरकार अच्छा काम कर रही है।