सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने करार जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की आस्था के महापर्व पर सवाल उठाना सपा अध्यक्ष की संकीर्ण मानसिकता का द्योतक है। उन्होंने अखिलेश को महाकुंभ को लेकर अनर्गल प्रलाप बंद करने की सलाह देते हुए कहा कि आपकी राजनीति आस्था और व्यवस्थाओं को नीचा दिखाने तक ही सीमित हो गई है।
अपने एक्स हैंडल के जरिये अखिलेश पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद ने कहा कि पूरे देश और विदेश से श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते खुद प्रयागराज पहुंच कर पवित्र संगम में डुबकी लगा रहे हैं। सरकार और भाजपा कार्यकर्ता पूरे भाव से दिन-रात उनकी सेवा में जुटे हुए हैं। महाकुंभ भारतीय संस्कृति का गौरव है। इसके बावजूद सपा अध्यक्ष अपनी संकीर्ण सोच के तहत व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।