सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय किसानों पर महंगाई की मार पड़ रही है। उसे फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। इस सरकार में बिचौलियों की मौज हो रही है जबकि किसान बेबस हैं।
उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की दरों में लगातार वृद्धि हो रही है। बिजली भी महंगी करने की तैयारी है। गांवों में कोरोना का कहर टूटने से किसानों पर तिहरी मार पड़ रही है। राजधानी लखनऊ सहित कई जनपदों से गेहूं खरीद में भारी अनियमितताओं की सूचनाएं मिली हैं। किसान क्रय केन्द्रों पर धक्के खा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री को भी यह कहने के लिए विवश होना पड़ा कि गेहूं की सरकारी खरीद में घोर लापरवाही है। क्रय केंद्र बंद होने की आम शिकायतें हैं। सरकार जानबूझकर किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं देना चाहती। गेहूं बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद किसानों को सैंपल पास कराना होता है। तब भी उन्हें केंद्रों पर धांधली का शिकार होने पड़ रहा है।
अखिलेश ने कहा कि गन्ने का 15,000 करोड़ का भुगतान लटका है। इस पर ब्याज तो कभी मिलने वाला है नहीं। भले ही गेहूं का एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल है लेकिन किसानों को 1500 रुपये के लाले भी पड़े हैं। धान की फसल के लिए प्रदेश में बीज का अभाव है। इससे पहले किसान इतना बेबस कभी नहीं हुआ। उन्होंने ट्वीट किया कि उच्च न्यायालय को कहना पड़ा कि गांवों में चिकित्सा व्यवस्था राम भरोसे है। ऐसे में दिखावटी दौरों से कुछ नहीं होने वाला है इसके लिए संवेदनाएं दिखानी होंगी।