योगी आदित्यानाथ और अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश में महिला अपराध और अपहरण के मामले देश में सबसे ज्यादा हो रहे हैं। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है। भाजपा सरकार के पास झूठ और झूठे आंकड़ों के सिवा कुछ नहीं है। पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा, कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
सपा अध्यक्ष ने मंगलवार को जारी अपने बयान में कहा कि भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पा रहा है। किसानों को खाद, बीज नहीं मिल रहा। जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं। प्रदेश में तमाम अवैध कारोबार हो रहे हैं। जमीनों पर कब्जा, गरीबों और दलितों के प्रति अन्याय, पीडीए पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। अपराधी तत्वों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। जनता अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। भाजपा सत्ता से हटेगी और सपा सरकार आएगी तभी स्थिति में सुधार होगा। जनता जानती है कि सपा सरकार में ही प्रदेश का विकास संभव है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से निजात मिलेगी। बहन-बेटियों को सुरक्षा और सम्मान मिलेगा। हर वर्ग को न्याय मिलेगा। नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा।
सपा मुख्यालय में मनाई गई वाल्मीकि जयंती
सपा मुख्यालय सहित सभी जिलों में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि की जयंती मनाई गई। प्रदेश कार्यालय में महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से माल्यार्पण कर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने नमन किया। वहीं सांसद आरके चौधरी ने परिवर्तन चौक स्थित वाल्मीकि प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर आयोजक जुगल किशोर वाल्मीकि के साथ डॉ. राजपाल कश्यप, फाखिर सिद्दीकी, जयसिंह जयंत, मो.एबाद, विजय यादव, प्रदीप शर्मा ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।